कानपुर देहात: कर्ज और फसल घाटे से परेशान किसान ने की आत्महत्या, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
- bharatvarshsamaach
- 2 hours ago
- 2 min read

रिपोर्टर: निहाल अवस्थी
लोकेशन: कानपुर देहात
दिनांक : 05.05.2026
रसूलाबाद क्षेत्र में दर्दनाक घटना
कानपुर देहात के रसूलाबाद कोतवाली क्षेत्र के अंता गांव में सोमवार सुबह एक किसान ने कर्ज और फसल घाटे से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिवार में कोहराम मच गया।
हाइटेंशन लाइन के एंगल से लगाई फांसी
जानकारी के अनुसार, 40 वर्षीय किसान अरविंद उर्फ झल्लू सुबह घर से खेत की ओर निकले थे। घर से करीब एक किलोमीटर दूर उन्होंने हाइटेंशन लाइन के लोहे के एंगल से अंगौछे के सहारे फांसी लगा ली।सुबह शौच के लिए निकले ग्रामीणों ने जब शव को फंदे पर लटका देखा, तो तुरंत परिजनों को सूचना दी।
मौके पर पहुंचा परिवार, मचा कोहराम
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के पिता वंश नारायण, मां फूलन देवी और पत्नी सपना सहित अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। अपने बेटे को इस हालत में देखकर परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना पर तिश्ती चौकी प्रभारी ब्रजेश सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कर्ज और फसल घाटा बना वजह
परिजनों के अनुसार, अरविंद पिछले दो वर्षों से लगातार फसल में नुकसान झेल रहे थे। बीते साल आलू की फसल में करीब 3 लाख रुपये का घाटा हुआ था।इस वर्ष भी उचित मूल्य न मिलने से आर्थिक संकट और गहरा गया, जिससे कर्ज का बोझ बढ़ता चला गया और वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगे।
परिवार की जिम्मेदारी
मृतक के परिवार में पत्नी, एक बेटा और तीन बेटियां हैं। बेटियों की अभी शादी नहीं हुई है, जबकि बेटा मजबूरी में बाहर निजी कंपनी में काम कर रहा है।परिवार के पास मात्र पांच बिस्वा जमीन है और बटाई पर खेती कर किसी तरह गुजारा चल रहा था।
पुलिस का बयान
कोतवाल शिवनारायण सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
⸻
भारतवर्ष समाचार ब्यूरो
संपर्क: 9410001283
वेबसाइट: www.bharatvarshsamachar.org








Comments