top of page

झाँसी: गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और किल्लत के खिलाफ आम आदमी पार्टी का प्रदर्शन

  • bharatvarshsamaach
  • Mar 14
  • 3 min read

झांसी में AAP कार्यकर्ताओं ने गैस कीमतों के विरोध में ज्ञापन सौंपा।
झांसी में AAP कार्यकर्ताओं ने गैस कीमतों के विरोध में ज्ञापन सौंपा।

रिपोर्टर: मोहम्मद कलाम कुरैशी

लोकेशन: झाँसी (उत्तर प्रदेश)

दिनांक : 14.03.2026


देश में लगातार बढ़ती महंगाई, एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि और गैस की किल्लत को लेकर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने झांसी में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह के आह्वान पर पूरे उत्तर प्रदेश में जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन का कार्यक्रम रखा गया था, जिसके तहत झांसी में भी पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के खिलाफ विरोध जताया और राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।


जिलाध्यक्ष को किया गया हाउस अरेस्ट

पार्टी नेताओं का आरोप है कि प्रदर्शन को रोकने के लिए प्रशासन ने एक दिन पहले रात में जिलाध्यक्ष अरशद खान को हाउस अरेस्ट कर लिया था, ताकि विरोध प्रदर्शन को रोका जा सके। इसके बावजूद पार्टी कार्यकर्ताओं ने हिम्मत नहीं हारी और महानगर अध्यक्ष ग्यादीन कुशवाहा के नेतृत्व में जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया।


गैस की कीमतों में बढ़ोतरी से बढ़ी परेशानी

प्रदर्शन के दौरान पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है। हाल ही में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में ₹60 और कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में ₹120 की बढ़ोतरी ने आम जनता की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।


नेताओं का कहना है कि गैस सिलेंडरों की किल्लत के कारण लोग घंटों लाइन में खड़े रहने को मजबूर हैं और इसका सबसे ज्यादा असर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है।


छोटे कारोबारियों पर भी पड़ा असर

पार्टी नेताओं ने कहा कि गैस की बढ़ती कीमतों और सिलेंडरों की कमी के कारण होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड से जुड़े लाखों छोटे कारोबारियों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। कई स्थानों पर छोटे व्यवसाय बंद होने की स्थिति भी बन रही है, जिससे रोजगार पर भी असर पड़ रहा है।


ऊर्जा नीति पर भी उठाए सवाल

पार्टी नेताओं ने यह भी कहा कि भारत में उपयोग होने वाली बड़ी मात्रा में एलपीजी विदेशों से आयात की जाती है और अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण ऊर्जा आपूर्ति पर असर पड़ सकता है। ऐसे में सरकार को मजबूत रणनीति बनानी चाहिए थी, लेकिन इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।


सरकार से की गई प्रमुख मांगें

आम आदमी पार्टी ने राष्ट्रपति के नाम दिए गए ज्ञापन में कई मांगें रखीं, जिनमें मुख्य रूप से:

  • घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में की गई बढ़ोतरी को तुरंत वापस लिया जाए।

  • पेट्रोल और डीजल की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए पारदर्शी नीति लागू की जाए।

  • गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को रसोई गैस पर विशेष सब्सिडी दी जाए।

  • बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण के लिए सरकार स्पष्ट और जवाबदेह नीति घोषित करे।


आंदोलन तेज करने की चेतावनी

पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार ने महंगाई और गैस की कीमतों के मुद्दे पर जल्द ठोस कदम नहीं उठाए, तो आम आदमी पार्टी देशभर में बड़े स्तर पर जन आंदोलन शुरू करेगी।


कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद

इस दौरान महानगर अध्यक्ष ग्यादीन कुशवाहा, व्यापार प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष राजेश भदौरिया, प्रांतीय सचिव पुत्तू सिंह कुशवाहा, किसान प्रकोष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी परवेज, प्रदेश सचिव भवजीत सरना, जिला महासचिव आशीष तिवारी, महानगर महासचिव नीलम चौधरी, जिला उपाध्यक्ष तुलसी दास कुशवाहा, साजिद निसार, विनोद शर्मा, हनीफ खान, इंजीनियर राजकुमार राव, महानगर उपाध्यक्ष इम्तियाज खान, सतीश राय, बिहारी लाल सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।


 ⸻


 भारतवर्ष समाचार  ब्यूरो

 संपर्क: 9410001283

 वेबसाइट: www.bharatvarshsamachar.org





Comments


Top Stories

bottom of page