top of page

झाँसी: पीछा कर पूर्व पार्षद के बेटे की गोली मारकर हत्या, इलाज के दौरान हुई मौत

  • bharatvarshsamaach
  • Mar 8
  • 2 min read

रिपोर्टर: मोहम्मद कलाम कुरैशी

लोकेशन: झाँसी (उत्तर प्रदेश)

दिनांक : 07.03.2026


मऊरानीपुर में दिनदहाड़े वारदात

झांसी जिले के मऊरानीपुर में शनिवार को सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां पूर्व पार्षद के बेटे की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। बाइक से घर लौट रहे युवक का बदमाशों ने पीछा किया और पास आकर उसकी पीठ में तमंचा सटाकर गोली मार दी।


बाइक से घर लौटते समय हमला

नई बस्ती निवासी प्रॉपर्टी डीलर सतीश श्रीवास (40), पुत्र अशोक श्रीवास, शनिवार को अपने चाचा की बेटी की शादी के कार्ड बांटने गए थे। शाम करीब 5 बजे वह चौक दमेला से बाइक से अपने घर लौट रहे थे।


जैसे ही वह शिशु मंदिर के पास पहुंचे, तभी पीछे से एक बाइक पर सवार तीन युवक उनके पास आ गए। बदमाशों में से एक ने तमंचा निकालकर सतीश की पीठ में सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही सतीश बाइक सहित सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।


मौके से फरार हुए हमलावर

वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों हमलावर मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और घायल सतीश से परिजनों का मोबाइल नंबर लेकर तुरंत परिवार को सूचना दी।


अस्पताल में इलाज के दौरान मौत

सूचना मिलते ही सतीश का छोटा भाई मौके पर पहुंचा और उन्हें ऑटो से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मऊरानीपुर ले जाया गया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।


मेडिकल कॉलेज में करीब चार घंटे तक इलाज चलने के बाद सतीश ने दम तोड़ दिया।


पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी। घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।


हमलावरों की तलाश में तीन टीमें गठित

मेडिकल कॉलेज पहुंचे एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।


पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।


  ⸻


 भारतवर्ष समाचार  ब्यूरो

 संपर्क: 9410001283

 वेबसाइट: www.bharatvarshsamachar.org




Comments


Top Stories

bottom of page