top of page

झांसी में 52 गोशालाओं का संचालन एनजीओ को सौंपने की तैयारी, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

  • bharatvarshsamaach
  • 20 hours ago
  • 2 min read


रिपोर्ट: सुल्तान आब्दी

स्थान : झांसी, उत्तर प्रदेश

दिनांक : 19 मई 2026


झांसी जनपद में गोवंश संरक्षण और गोशालाओं के बेहतर संचालन को लेकर प्रशासन ने बड़ी तैयारी शुरू कर दी है। जिले की 52 गोशालाओं का संचालन अब एनजीओ को सौंपने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इस संबंध में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनपद स्तरीय अनुश्रवण एवं मूल्यांकन समिति की बैठक में जिलाधिकारी गौरांग राठी ने अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।


हरे चारे की उपलब्धता करना होगा अनिवार्य

बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिन एनजीओ को गोशालाओं का संचालन सौंपा जाएगा, उन्हें गोवंश के लिए हरे चारे की शत-प्रतिशत उपलब्धता सुनिश्चित करनी होगी। साथ ही गोवंश के रखरखाव, साफ-सफाई, पानी और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था भी बेहतर करनी होगी।


गोचर भूमि से हटेंगे अवैध कब्जे

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े सभी एसडीएम को निर्देश दिए गए कि गोचर भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को तत्काल हटाया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि गौवंश संरक्षण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


भीषण गर्मी से बचाव के लिए विशेष व्यवस्था

गर्मी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए जिलाधिकारी ने गोशालाओं में गर्मी प्रबंधन के उपायों का डॉक्यूमेंटेशन तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुझाव दिया कि गोशाला के शेड पर पुआल, घास-फूस और टाट के बोरे लगाकर उन पर पानी का छिड़काव किया जाए ताकि गोवंश को गर्मी से राहत मिल सके।


सहभागिता योजना के लाभार्थियों का सत्यापन कराने के निर्देश

बैठक में मुख्यमंत्री निराश्रित एवं बेसहारा गोवंश सहभागिता योजना की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने पशु चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना के लाभार्थियों का जल्द सत्यापन कर भुगतान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए।


नोडल अधिकारियों को दी जिम्मेदारी

डीएम ने कहा कि प्रत्येक नोडल अधिकारी अपने क्षेत्र की गोशालाओं का नियमित निरीक्षण करें। यदि कहीं गड़बड़ी पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी।


बैठक में रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड, नीरज कुमार आर्य, डाॅ. संजय कुमार सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।


 ⸻


 भारतवर्ष समाचार  ब्यूरो

 संपर्क: 9410001283

 वेबसाइट: www.bharatvarshsamachar.org



Comments


Top Stories

bottom of page