झांसी में अपहरण कांड का खुलासा, 15 हजार का इनामी समेत चार आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार
- bharatvarshsamaach
- Mar 9
- 2 min read



रिपोर्टर: मोहम्मद कलाम कुरैशी
लोकेशन: झाँसी (उत्तर प्रदेश)
दिनांक : 09.03.2026
झांसी में अपहरण कांड का खुलासा
झांसी में पुलिस ने अपहरण की एक बड़ी घटना का सफल खुलासा करते हुए अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया है। थाना नवाबाद पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान 15 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो बाल अपचारी भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की थार गाड़ी, एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है।
फिरौती के लिए किया गया था अपहरण
पुलिस के अनुसार थाना नवाबाद क्षेत्र की राजपूत कॉलोनी निवासी अभय कुशवाहा उर्फ गुल्लू ने सूचना दी थी कि 7 मार्च की रात करीब 10:35 बजे वह अपने मित्र ऋषभ राय और राज पाठक के साथ बुलेट मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान अरुण यादव अपने 3–4 साथियों के साथ बिना नंबर की थार गाड़ी से आया और फायरिंग करते हुए राज पाठक का अपहरण कर अपने साथ ले गया।
15 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार
घटना के बाद थाना नवाबाद में मुकदमा दर्ज कर पुलिस की कई टीमों का गठन किया गया था। मामले के मुख्य आरोपी अरुण यादव पर 15 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पैरामेडिकल रोड से कृष्णा रेजिडेंसी मार्ग पर घेराबंदी की।
पुलिस मुठभेड़ में चार आरोपी दबोचे
सोमवार तड़के करीब 1:55 बजे हुई मुठभेड़ में पुलिस ने अपहृत युवक राज पाठक (20) निवासी बनिया पुल के सामने, नवाबाद को सकुशल बरामद कर लिया। मौके से अरुण यादव बाबरी (25) निवासी चिरगांव, हर्ष यादव (20) निवासी बिरगुआ थाना बड़ागांव और दो बाल अपचारियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक आरोपी रजत यादव निवासी सिमथरा थाना भांडेर मौके से फरार हो गया।
थार गाड़ी और अवैध तमंचा बरामद
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अपहृत युवक को छोड़ने के बदले दो लाख रुपये की फिरौती मांग रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की थार गाड़ी, एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
फरार आरोपी की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर तलाश की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
⸻
भारतवर्ष समाचार ब्यूरो
संपर्क: 9410001283
वेबसाइट: www.bharatvarshsamachar.org







Comments