top of page

बलरामपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी, अंतरजनपदीय चोर गिरोह के दो शातिर सदस्य गिरफ्तार

  • bharatvarshsamaach
  • Mar 9
  • 2 min read
विकास कुमार, एसपी, बलरामपुर

रिपोर्ट: योगेंद्र त्रिपाठी

लोकेशन: बलरामपुर |

दिनांक : 09.03.2026


यूपी के बलरामपुर जिले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पचपेड़वा थाना पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में अंतरजनपदीय चोर गिरोह के दो शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की छह मोटरसाइकिलें, पंचायत सचिवालय से चोरी हुई 22 कुर्सियां, एक गैस सिलेंडर और 4400 रुपये नकद बरामद किए हैं


गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुस्ताक उर्फ भुर्रे और मोहम्मद जुबेर उर्फ बादशाह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी पेशेवर अपराधी हैं और कई जिलों में चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। इनमें से मोहम्मद जुबेर के खिलाफ थाने में हिस्ट्रीशीट भी खुली हुई है।


पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे भीड़भाड़ वाले इलाकों और साप्ताहिक बाजारों को निशाना बनाते थे। वहां खड़ी मोटरसाइकिलों को चोरी कर उनकी नंबर प्लेट बदल देते थे और बाद में इन्हें नेपाल में बेच दिया करते थे। इतना ही नहीं, चोरी की इन्हीं मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल आरोपी सरकारी भवनों, पंचायत सचिवालय और स्कूलों की रेकी करने के लिए भी करते थे, जिसके बाद मौके पाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।


पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत पचपेड़वा पुलिस और स्वाट टीम ने तुलसीपुर–बढ़नी मुख्य मार्ग के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी का सामान भी बरामद हुआ।


फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश भी तेज कर दी गई है।


पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उनके पास से बरामद सामान के आधार पर भी कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।



भारतवर्ष समाचार

संपर्क: 9410001283

वेबसाइट: www.bharatvarshsamachar.org

Comments


Top Stories

bottom of page