top of page

बुलंदशहर: खुर्जा जंगल में भीषण आग: पराली जलाने से भड़की लपटें, घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू

  • bharatvarshsamaach
  • 3 hours ago
  • 2 min read

रिपोर्टर: विशाल कुमार गर्ग

दिनांक : 28.04.2026

लोकेशन: बुलंदशहर


बुलंदशहर के खुर्जा नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब जंगल में अचानक भीषण आग लग गई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह आग सीकरी गांव के एक खेत में पराली जलाने से भड़की और तेज हवा के कारण देखते ही देखते ईख के खेतों से होते हुए जंगल तक फैल गई।


तेज हवा बनी आग की बड़ी वजह

भोगपुर निवासी राका चौधरी और अजय चौधरी के अनुसार, सीकरी गांव के एक किसान ने शाम करीब 3 बजे अपने खेत में पराली जलाई थी। उसी दौरान तेज हवा चलने लगी, जिससे आग तेजी से फैलती हुई उनके ईख के खेतों तक पहुंच गई और फिर पास के जंगल को अपनी चपेट में ले लिया।


दमकल और पुलिस ने संभाला मोर्चा

आग की सूचना मिलते ही डायल 112 पर कॉल किया गया, जिसके बाद खुर्जा नगर थाना क्षेत्र की सवाराम चौकी और खुर्जा देहात थाना क्षेत्र की धाराऊं चौकी पुलिस टीम मौके पर पहुंची। साथ ही कंट्रोल रूम को सूचना देकर दमकल विभाग की गाड़ियों को बुलाया गया। आग पर काबू पाने के लिए पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमों को घंटों कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।


जंगल में मचा हड़कंप, जानवर भागे

आग की लपटों से जंगल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई वन्य जीव अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।


शिकायत की तैयारी, जांच जारी

चौकी प्रभारी आशीष यादव और सौरव रघुवंशी ने बताया कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। वहीं, राका चौधरी और अजय चौधरी ने बताया कि वे 28 अप्रैल को खुर्जा नगर थाने में नामजद शिकायत दर्ज कराएंगे।


पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


 ⸻


 भारतवर्ष समाचार  ब्यूरो

 संपर्क: 9410001283

 वेबसाइट: www.bharatvarshsamachar.org



 
 
 

Comments


Top Stories

bottom of page