मुरादाबाद: प्रदूषण फैलाने वाली अवैध भट्टियों पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई, 8 भट्टियां सील
- bharatvarshsamaach
- Jan 20
- 2 min read


संवाददाता : मनोज कुमार
लोकेशन : मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश
दिनांक : 20 जनवरी 2026
मुरादाबाद के मुगलपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बरवालान इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब नगर मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में प्रदूषण विभाग, जीएसटी विभाग और पुलिस बल की संयुक्त टीम ने रामगंगा किनारे छापा मार कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान रिहायशी क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित पीतल गलाने की भट्टियों को सील किया गया।
रिहायशी इलाके में चल रही थीं अवैध भट्टियां
प्रशासनिक टीम को मौके पर कई ऐसी भट्टियां मिलीं, जो बिना अनुमति के रिहायशी क्षेत्र में संचालित की जा रही थीं। इन भट्टियों से निकलने वाला जहरीला धुआं पूरे इलाके के साथ-साथ शहर के बड़े हिस्से को प्रदूषण की चपेट में ले रहा था, जिससे स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ रहा था।
संचालक मौके से फरार, 8 भट्टियां की गईं सील
छापेमारी के दौरान भट्टियों के संचालक चलती भट्टियां छोड़कर मौके से फरार हो गए। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कुल 8 अवैध भट्टियों को सील कर दिया। इसके साथ ही एक ढलाई कारखाने को भी सील किया गया, जिसमें तीन भट्टियां संचालित हो रही थीं।
सुबह से फैलता था जहरीला धुआं
स्थानीय लोगों के अनुसार ये भट्टियां रोजाना सुबह करीब 4 बजे से चालू हो जाती थीं और इनसे निकलने वाला धुआं आधे शहर को प्रदूषण से भर देता था। क्षेत्र में पहले भी कई बार ऐसी भट्टियों को सील किया जा चुका है, लेकिन कुछ समय बाद फिर से इन्हें शुरू कर दिया जाता था।
नगर मजिस्ट्रेट का बयान
नगर मजिस्ट्रेट विनय पांडे ने बताया कि“आज मुगलपुरा थाना क्षेत्र के बरवालान में प्रदूषण फैलाने वाली अवैध भट्टियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। प्रदूषण विभाग, जीएसटी विभाग और थाना प्रभारी मुगलपुरा पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। कुल 8 भट्टियों को सील किया गया है और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।”
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अवैध भट्टियों के संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर में प्रदूषण फैलाने वाले किसी भी अवैध उद्योग को बख्शा नहीं जाएगा और भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
⸻
भारतवर्ष समाचार ब्यूरो
संपर्क: 9410001283
वेबसाइट: www.bharatvarshsamachar.org







Comments