सैदपुर चौराहे पर दर्दनाक हादसा: प्रिजनर वैन की टक्कर से युवक की मौत, एक गंभीर
- bharatvarshsamaach
- 1 day ago
- 2 min read



रिपोर्ट: शकील अहमद, बिजनौर
स्थान: नूरपुर (बिजनौर)
दिनांक : 11 फ़रवरी 2026
नूरपुर थाना क्षेत्र के सैदपुर चौराहे पर बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई और परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए हंगामा किया।
शादी से लौट रहे थे दोनों दोस्त
जानकारी के अनुसार, स्योहारा क्षेत्र के ग्राम हल्दुआ माफी निवासी 25 वर्षीय मुनाजिर अपने दोस्त शहजाद के साथ एक शादी समारोह से बाइक द्वारा लौट रहे थे। शाम के समय जब उनकी बाइक सैदपुर चौराहे के पास पहुंची, तभी मुरादाबाद की ओर जा रही एक तेज रफ्तार प्रिजनर वैन ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मुनाजिर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शहजाद गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चालक वैन सहित फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद वैन चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
परिजनों का हंगामा, हाईवे जाम की कोशिश
मृतक के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे तो उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों का आरोप था कि पुलिस ने वैन को मौके से निकलने का अवसर दिया। गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने हाईवे जाम करने की भी कोशिश की, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
स्थिति को देखते हुए थानाध्यक्ष विकास तेवतिया ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और निष्पक्ष जांच व दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। काफी समझाने-बुझाने के बाद स्थिति सामान्य हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
⸻
भारतवर्ष समाचार ब्यूरो
संपर्क: 9410001283
वेबसाइट: www.bharatvarshsamachar.org













Comments