top of page

अमरोहा में आम के पेड़ से लटका मिला युवक का शव, 10 दिन से था लापता

  • bharatvarshsamaach
  • 11 hours ago
  • 2 min read

रिपोर्ट: सुहैल अहमद

लोकेशन: अमरोहा, उत्तर प्रदेश

दिनांक: 25 फरवरी 2026


जनपद हसनपुर कोतवाली क्षेत्र में कनेटा रोड स्थित हाजी शाहिद के बाग में एक युवक का शव आम के पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बाग में काम कर रहे मजदूरों ने जब पेड़ से शव लटका देखा तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी।


मृतक की पहचान प्रारंभ में नहीं हो सकी थी, लेकिन करीब दो घंटे की जांच के बाद युवक की जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी शिनाख्त बाईखेड़ा निवासी 30 वर्षीय दिनेश पुत्र नेमपाल के रूप में हुई। पुलिस को मृतक की जेब से एक मोबाइल फोन और दो टॉफी भी बरामद हुईं, जबकि घटनास्थल के पास जमीन पर एक कड़ा भी पड़ा मिला।


परिजनों के अनुसार दिनेश करीब 10 दिन पहले हरियाणा में मजदूरी करने की बात कहकर घर से निकला था, जिसके बाद से वह लापता था। अचानक शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी रेनू और दो मासूम बेटियां रोही और रंजना को छोड़ गया है।


घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य और नमूने एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।


फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।


 ⸻


 भारतवर्ष समाचार  ब्यूरो

 संपर्क: 9410001283

 वेबसाइट: www.bharatvarshsamachar.org

 
 
 

Comments


Top Stories

bottom of page