top of page

अमरोहा में उप निबंधक कार्यालय को गुलड़िया स्थानांतरित करने की मांग तेज, अधिवक्ताओं ने सरकार को भेजा विस्तृत ज्ञापन

  • bharatvarshsamaach
  • 3 days ago
  • 2 min read

भारतवर्ष समाचार

लोकेशन: अमरोहा

दिनांक : 25.05.2026


अमरोहा। सदर तहसील बार एसोसिएशन अमरोहा (रजि.) ने उपमुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को ज्ञापन भेजकर सदर तहसील में संचालित उप निबंधक कार्यालय को नव निर्माणाधीन तहसील भवन ग्राम गुलड़िया में स्थापित किए जाने की मांग की है। अधिवक्ताओं ने इसे जनहित, प्रशासनिक व्यवस्था और न्यायिक कार्यों से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बताते हुए सरकार से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है।


बार एसोसिएशन के अध्यक्ष शकील अहमद एडवोकेट एवं वरिष्ठ अध्यक्ष एडवोकेट जयविंद्र सिंह के नेतृत्व में भेजे गए ज्ञापन में कहा गया कि सदर तहसील अमरोहा ब्रिटिश काल से वर्तमान परिसर में संचालित हो रही है, जहां उप निबंधक कार्यालय, तहसीलदार न्यायालय, पूर्ति विभाग सहित अनेक महत्वपूर्ण कार्यालय एक ही परिसर में कार्यरत हैं। ऐसे में किसी एक विभाग को अलग स्थान पर स्थापित करने से आम जनता, किसानों, वादकारियों एवं अधिवक्ताओं को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।


ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि सहायक महानिरीक्षक निबंधन कार्यालय का निर्माण कलेक्ट्रेट परिसर के निकट संकरी सड़क पर कराया जा रहा है, जहां चुनाव एवं प्रशासनिक गतिविधियों के दौरान कई दिनों तक मार्ग बंद रहता है। इससे आमजन को आवागमन में कठिनाई होने के साथ-साथ सरकारी कार्यों एवं राजस्व व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।


बार एसोसिएशन ने सुझाव दिया कि ग्राम गुलड़िया स्थित नव निर्माणाधीन तहसील भवन पर्याप्त स्थान एवं आधुनिक व्यवस्थाओं से युक्त है, जहां सभी प्रशासनिक विभागों को एक साथ संचालित किया जा सकता है। अधिवक्ताओं ने मांग उठाई कि उप निबंधक कार्यालय के साथ-साथ उपजिलाधिकारी कार्यालय, विनियमित क्षेत्र कार्यालय तथा अधिवक्ताओं के लिए स्थायी चेंबर एवं बार भवन का निर्माण भी वहीं कराया जाए, ताकि न्यायिक एवं प्रशासनिक कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सकें।


अधिवक्ताओं का कहना है कि यदि सभी विभाग एक ही परिसर में स्थापित किए जाते हैं तो इससे आम जनता को राहत मिलेगी, समय की बचत होगी तथा प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और सुविधा बढ़ेगी।


इस अवसर पर महासचिव एडवोकेट संजीव कुमार, एडवोकेट निरंजन सिंह, एडवोकेट अशोक चौहान, एडवोकेट पुष्कर लाल गुप्ता, एडवोकेट विमल किशोर वंदेमातरम, एडवोकेट भजन लाल सिंह, एडवोकेट इंतेखाब नासिर सहित अनेक पदाधिकारी एवं अधिवक्ता उपस्थित रहे।



 भारतवर्ष समाचार  ब्यूरो

 संपर्क: 9410001283

 वेबसाइट: www.bharatvarshsamachar.org

 
 
 

Comments


Top Stories

bottom of page