बुलंदशहर में शांतिपूर्ण माहौल में अदा हुई ईदुल-अज़हा की नमाज, सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
- bharatvarshsamaach
- 5 hours ago
- 2 min read
रिपोर्टर: विशाल कुमार गर्ग
दिनांक : 28.05.2026
लोकेशन: बुलंदशहर
देशभर में ईदुल-अज़हा (बकरीद) का त्योहार धार्मिक उत्साह और आपसी भाईचारे के साथ मनाया जा रहा है। इसी क्रम में बुलंदशहर जनपद में भी ईद का पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। जिले की सभी ईदगाहों और मस्जिदों में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर ईदुल-अज़हा की नमाज अदा की और मुल्क में अमन-चैन, खुशहाली और भाईचारे की दुआ मांगी।
खुर्जा स्थित मुख्य ईदगाह में सुबह से ही नमाजियों की भारी भीड़ देखने को मिली। लोग पारंपरिक पोशाक में ईदगाह पहुंचे और नमाज अदा करने के बाद एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।
जिलेभर में सुरक्षा के रहे व्यापक इंतजाम
ईद के त्योहार को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आया। बुलंदशहर जिले की 155 ईदगाहों और 590 मस्जिदों में नमाज अदा की गई, जहां सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए थे।
प्रशासन की ओर से एडीएम, एसपी देहात, एसडीएम, सीओ सहित भारी पुलिस बल और पीएसी की तैनाती की गई थी। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया, जबकि कई स्थानों पर ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई।
प्रशासन ने लोगों से की शांति बनाए रखने की अपील
प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई कि त्योहार को आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाएं तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।
पूरे जनपद में ईद का त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने पर प्रशासन ने राहत की सांस ली और लोगों के सहयोग की सराहना की।
⸻
भारतवर्ष समाचार ब्यूरो
संपर्क: 9410001283
वेबसाइट: www.bharatvarshsamachar.org







Comments