कानपुर: “बुआ” कहकर पैर छुए, बाइक पर बैठाया और लूट लिए सोने के बाले, रूरा पुलिस ने दो शातिर दबोचे
- bharatvarshsamaach
- 1 hour ago
- 2 min read

रिपोर्टर: निहाल अवस्थी
लोकेशन: कानपुर देहात
दिनांक : 20.05.2026
कानपुर देहात के रूरा थाना क्षेत्र में रिश्तेदारी और भरोसे का नाटक कर बुजुर्ग महिला से ठगी और चोरी करने वाले दो शातिर बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने पहले महिला के पैर छूकर खुद को रिश्तेदार बताया और फिर मदद के बहाने बाइक पर बैठाकर उनके कानों से सोने के बाले निकाल लिए।
पैर छूकर जीता भरोसा, फिर दिया वारदात को अंजाम
घटना 5 मई 2026 की बताई जा रही है। शिवराजपुर निवासी उत्कर्ष शुक्ला उर्फ वैभव की बुजुर्ग दादी नहर पुल रूरा के पास थीं, तभी दो युवक उनके पास पहुंचे। दोनों ने महिला के पैर छूकर उन्हें “बुआ” कहा और खुद को रिश्तेदार बताकर बातचीत शुरू कर दी।
इसके बाद दोनों ने महिला को मदद के बहाने बाइक पर बीच में बैठा लिया। जैसे ही बाइक नहर कोठी की ओर बढ़ी, पीछे बैठे आरोपी ने चालाकी से महिला के कानों से सोने के बाले निकाल लिए और बीच रास्ते उन्हें छोड़कर फरार हो गए।
17 मई को दर्ज हुआ मुकदमा
घटना के बाद परिजनों ने स्थानीय स्तर पर आरोपियों की तलाश की। कुछ सुराग मिलने के बाद 17 मई को पीड़ित पक्ष ने नामजद तहरीर दी। इसके आधार पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने मुकदमा संख्या 145/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।
मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए मुखबिर की सूचना पर 19 मई को घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है और घटना में इस्तेमाल बाइक व अन्य सामान की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
घटना के खुलासे के बाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनजान लोगों पर तुरंत भरोसा न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
⸻
भारतवर्ष समाचार ब्यूरो
संपर्क: 9410001283
वेबसाइट: www.bharatvarshsamachar.org






Comments