डीएम ने सीएचसी नौगांवा में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा कर दिए सख्त निर्देश
- bharatvarshsamaach
- Feb 7
- 2 min read



भारतवर्ष समाचार ब्यूरो
स्थान: अमरोहा,उत्तर प्रदेश
दिनांक : 07 फरवरी 2026
जनपद अमरोहा में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्रीमती निधि गुप्ता वत्स ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांवा का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान डीएम ने अस्पताल की विभिन्न इकाइयों का जायजा लेते हुए स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने औषधि वितरण कक्ष, लैब कक्ष, टीबी यूनिट, लेबर रूम, ऑपरेशन थिएटर, ओपीडी, एनबीएसयू और आईपीडी सेवाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से वार्ड में जाकर उनकी सेहत के बारे में जानकारी ली और उपलब्ध सुविधाओं को लेकर फीडबैक भी प्राप्त किया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने अस्पताल की लैब में मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक जांचों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही संस्थागत प्रसव की संख्या बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गर्भवती महिलाओं को सरकारी अस्पताल में सुरक्षित प्रसव के लिए प्रेरित किया जाए।
टीबी यूनिट के निरीक्षण के समय जिलाधिकारी ने प्रतिदिन होने वाली जांचों, इलाजरत मरीजों की संख्या और उपचार पूरा करने वाले मरीजों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि टीबी मरीजों से नियमित संपर्क बनाए रखा जाए ताकि इलाज बीच में न छूटे।
ओपीडी निरीक्षण के दौरान डीएम ने चिकित्सा अधीक्षक से प्रतिदिन आने वाले मरीजों और प्रमुख बीमारियों की जानकारी ली।
गर्भवती महिलाओं की ऑनलाइन फीडिंग और संभावित डिलीवरी की जानकारी लेते हुए उन्होंने आशा और एएनएम को निर्देश दिए कि डिलीवरी से कम से कम 10 दिन पहले गर्भवती महिलाओं से संपर्क कर उन्हें अस्पताल में प्रसव के लिए तैयार किया जाए।
जिलाधिकारी ने संस्थागत प्रसव बढ़ाने के लिए स्टाफ नर्स-वार डिलीवरी की मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। जनवरी माह में कम डिलीवरी होने पर नाराजगी जताते हुए संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए। खराब कार्य करने वाली आशाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल की साफ-सफाई और मेंटिनेंस पर विशेष ध्यान देते हुए डीएम ने निर्देश दिए कि मरीजों और तीमारदारों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण मिलना चाहिए। अस्पताल परिसर की नियमित सफाई और बेहतर रखरखाव सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. योगेन्द्र सिंह, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरिफ समी सहित अन्य चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।
⸻
भारतवर्ष समाचार ब्यूरो
संपर्क: 9410001283
वेबसाइट: www.bharatvarshsamachar.org







Comments