बुलंदशहर में अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर कार्रवाई, अवैध प्लॉटिंग कारोबारियों में बढ़ी बेचैनी
- bharatvarshsamaach
- 6 days ago
- 2 min read
रिपोर्टर: विशाल कुमार गर्ग
दिनांक : 23.05.2026
लोकेशन: बुलंदशहर
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में एक बार फिर अवैध प्लॉटिंग और कॉलोनियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। बुलंदशहर-खुर्जा विकास प्राधिकरण की टीम ने भारी पुलिस बल के साथ खुर्जा क्षेत्र में सैकड़ों बीघा जमीन पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें ध्वस्त कर दिया।
पांच स्थानों पर कार्रवाई
जानकारी के अनुसार खुर्जा बायपास और अलीगढ़ रोड स्थित कुल पांच स्थानों पर बिना मानचित्र स्वीकृति और बिना वैधानिक अनुमति के अवैध कॉलोनियां बसाई जा रही थीं। विकास प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्यों को ध्वस्त कर दिया।
प्रशासन का कहना है कि भू-माफिया नियमों को दरकिनार कर बड़े पैमाने पर अवैध प्लॉटिंग का कारोबार चला रहे थे।
लोगों को दिखाए जा रहे थे सुनहरे सपने
बताया जा रहा है कि भू-माफिया भोले-भाले लोगों को सस्ते प्लॉट और जल्द रजिस्ट्री का लालच देकर करोड़ों रुपये का खेल खेल रहे थे। आम लोगों की जिंदगी भर की कमाई अवैध कॉलोनियों में फंसाई जा रही थी।
कार्रवाई के बावजूद उठ रहे सवाल
इस कार्रवाई के बाद एक बार फिर कई सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब पहले भी अवैध प्लॉटिंग पर कार्रवाई हो चुकी है, तो आखिर बार-बार अवैध कॉलोनियां कैसे विकसित हो जाती हैं?
लोगों के बीच यह चर्चा भी है कि क्या भू-माफियाओं को किसी बड़े संरक्षण का सहारा प्राप्त है या फिर संबंधित विभागों की लापरवाही से यह कारोबार फल-फूल रहा है।
भू-माफियाओं में मचा हड़कंप
फिलहाल बुलंदशहर-खुर्जा विकास प्राधिकरण की इस कार्रवाई के बाद अवैध प्लॉटिंग करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि बिना स्वीकृति के कॉलोनी विकसित करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
⸻
भारतवर्ष समाचार ब्यूरो
संपर्क: 9410001283
वेबसाइट: www.bharatvarshsamachar.org






Comments