top of page

रामपुर में नकली नोट खपाने वाले दो शातिर गिरफ्तार, 75 हजार की जाली करेंसी बरामद

  • bharatvarshsamaach
  • 3 days ago
  • 2 min read
वईट:पुलिस अधीक्षक रामपुर सोमेंद्र मीणा

रिपोर्टर: हरविन्दर दिवाकर

लोकेशन: रामपुर

दिनांक : 15.05.2026


बाजार में नकली नोट चलाने की साजिश नाकाम

रामपुर के थाना टांडा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने बाजारों में नकली नोट खपाने की साजिश को नाकाम करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 500-500 रुपये के 150 जाली नोट बरामद हुए हैं, जिनकी कुल कीमत 75 हजार रुपये बताई जा रही है।


अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं आरोपी

गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी अलग-अलग जनपदों के निवासी बताए जा रहे हैं। इनमें एक आरोपी रामपुर जबकि दूसरा मुरादाबाद का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार दोनों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। एक आरोपी पर 23 जबकि दूसरे पर 5 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।


मोबाइल फोन भी हुए बरामद

पुलिस ने आरोपियों के पास से एक कीपैड मोबाइल और एक एंड्रॉयड फोन भी बरामद किया है। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी पहले भी नकली करेंसी के मामलों में जेल जा चुके हैं।


पश्चिम बंगाल से जुड़ा है नेटवर्क

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्हें नकली करेंसी उपलब्ध कराने वाला एक अन्य साथी अभी फरार है, जो पश्चिम बंगाल का रहने वाला है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।


एसपी ने प्रेस वार्ता में किया खुलासा

मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने प्रेस वार्ता के दौरान किया। उन्होंने बताया कि आरोपी बाजारों में 500-500 रुपये के नकली नोट चलाने की फिराक में थे, लेकिन समय रहते पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया।


फरार आरोपी की तलाश जारी

पुलिस ने मामले में कई टीमों का गठन किया है। फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा।


 ⸻


 भारतवर्ष समाचार  ब्यूरो

 संपर्क: 9410001283

 वेबसाइट: www.bharatvarshsamachar.org



 
 
 

Comments


Top Stories

bottom of page