अमरोहा: डीआईजी मुनिराज और एसपी अमित कुमार आनंद ने पुलिस लाइन का किया निरीक्षण
- bharatvarshsamaach
- Feb 27
- 2 min read







भारतवर्ष समाचार ब्यूरो
स्थान: अमरोहा,उत्तर प्रदेश
दिनांक: 27 फरवरी 2026
अमरोहा। जनपद अमरोहा की रिजर्व पुलिस लाइन में शुक्रवार को साप्ताहिक शुक्रवार परेड का आयोजन किया गया। इस दौरान मुरादाबाद परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) श्री मुनिराज ने पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद की उपस्थिति में परेड की सलामी ली और पुलिस लाइन की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों के टर्नआउट, वर्दी की स्वच्छता, अनुशासन और ड्रिल की गुणवत्ता का बारीकी से परीक्षण किया गया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों की सराहना की गई, वहीं अन्य को अनुशासन और कार्यकुशलता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के क्रम में डीआईजी ने पुलिस लाइन में मौजूद पीआरवी वाहनों की स्थिति, वायरलेस सेट, प्राथमिक उपचार किट, अग्निशमन यंत्र और अन्य आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता की जांच की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी वाहन और उपकरण पूरी तरह कार्यशील स्थिति में रहें, ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
इसके अलावा फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वॉड टीम का भी निरीक्षण किया गया। डीआईजी ने टीम के उपकरणों, साक्ष्य संकलन किट, कैमरा, फिंगरप्रिंट किट और डॉग स्क्वॉड के प्रशिक्षण एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने टीम की तत्परता और दक्षता बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी घटना की जांच प्रभावी ढंग से की जा सके।
डीआईजी मुनिराज ने क्वार्टर गार्द, शस्त्रागार, स्टोर रूम और परिवहन शाखा का भी निरीक्षण किया। इस दौरान शस्त्रों की स्थिति, अभिलेखों के रखरखाव, वाहनों की लॉग बुक और ईंधन उपयोग का परीक्षण किया गया। उन्होंने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही यूपी-112 वाहनों की उपलब्धता और रिस्पॉन्स टाइम की समीक्षा करते हुए कहा कि जनपद में किसी भी आपात सूचना पर पुलिस की प्रतिक्रिया तेज और प्रभावी होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस लाइन स्थित मैस का भी जायजा लिया गया। डीआईजी ने भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और पेयजल व्यवस्था की जांच की और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुलिसकर्मियों को पौष्टिक और गुणवत्तायुक्त भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा स्वच्छता के मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए।
निरीक्षण के अंत में डीआईजी ने सभी शाखा प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता और अनुशासन सुनिश्चित किया जाए तथा शासन की मंशा के अनुरूप जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदौरिया सहित अन्य क्षेत्राधिकारी, अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
⸻
भारतवर्ष समाचार ब्यूरो
संपर्क: 9410001283
वेबसाइट: www.bharatvarshsamachar.org






Comments