top of page

अमरोहा में एम्स स्थापना की मांग तेज, प्रधानमंत्री को भेजा गया ज्ञापन

  • bharatvarshsamaach
  • 1 day ago
  • 2 min read


रिपोर्ट:सुहैल अहमद

स्थान: अमरोहा,उत्तर प्रदेश

दिनांक : 11 फरवरी 2026


अमरोहा। जनपद अमरोहा में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की स्थापना की मांग अब तेज होती नजर आ रही है। बुधवार को केन्द्रीय लोक शिकायत निवारण परिषद ने जिलाधिकारी अमरोहा के माध्यम से प्रधानमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन भेजकर जनपद में एम्स स्थापित करने की मांग उठाई।


ज्ञापन में प्रस्ताव रखा गया है कि अमरोहा स्थित वर्षों से बंद पड़ी कताई मिल के विशाल परिसर अथवा किसी अन्य उपयुक्त सरकारी भूमि पर एम्स अस्पताल की स्थापना की जाए। परिषद का कहना है कि केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में प्रस्तुत बजट में देश के विभिन्न क्षेत्रों, विशेषकर पश्चिम उत्तर प्रदेश में एम्स जैसे उच्च स्तरीय चिकित्सा संस्थानों की स्थापना की घोषणा की गई थी। इसी क्रम में अमरोहा को भी एक संभावित और उपयुक्त स्थान के रूप में प्रस्तावित किया गया है।


बंद पड़ी कताई मिल का परिसर बताया उपयुक्त

ज्ञापन में बंद पड़ी कताई मिल के विस्तृत परिसर को एम्स स्थापना के लिए उपयुक्त बताया गया है। परिषद के अनुसार इस परिसर में पर्याप्त भूमि उपलब्ध है तथा आधारभूत ढांचा भी मौजूद है।


इसके अतिरिक्त यह स्थान राष्ट्रीय राजमार्ग और रेलवे लाइन से जुड़ा हुआ है, जिससे आवागमन की दृष्टि से यह बेहद सुविधाजनक है। आसपास के कई जनपदों के साथ-साथ उत्तराखंड राज्य से भी सीधी कनेक्टिविटी होने के कारण लाखों लोगों को इसका लाभ मिल सकता है।


क्षेत्र को मिलेंगे व्यापक लाभ

परिषद का मानना है कि यदि अमरोहा में एम्स की स्थापना होती है, तो मुरादाबाद मंडल, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के सीमावर्ती क्षेत्रों के नागरिकों को उन्नत और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी।


इसके साथ ही क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और वर्षों से अनुपयोगी पड़ी सरकारी संपत्ति का जनहित में सदुपयोग सुनिश्चित हो सकेगा।


शीघ्र सर्वेक्षण की मांग

केन्द्रीय लोक शिकायत निवारण परिषद ने केंद्र सरकार से मांग की है कि प्रस्तावित स्थल का जल्द सर्वेक्षण कर आवश्यक कार्यवाही प्रारंभ की जाए, ताकि जनपद को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा मिल सके।


इस अवसर पर अंकित यादव, मजहर मलिक, शहबाज आलम, अजब सिंह, दानिश सहित कई अन्य सदस्य उपस्थित रहे।


 ⸻


 भारतवर्ष समाचार  ब्यूरो

 संपर्क: 9410001283

 वेबसाइट: www.bharatvarshsamachar.org

Comments


Top Stories

bottom of page