अमरोहा में हाईटेंशन लाइन का कहर: 12 बीघा गेहूं की फसल राख, आग बुझाते समय किसान का बेटा झुलसा
- bharatvarshsamaach
- 1 day ago
- 2 min read
रिपोर्ट: सुहैल अहमद
लोकेशन: अमरोहा
दिनांक : 18.04.2026
अमरोहा जनपद के हसनपुर तहसील क्षेत्र के गांव इकौंदा में बिजली विभाग की कथित लापरवाही से बड़ा हादसा हो गया। खेत के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन का तार अचानक टूटकर नीचे गिर गया, जिससे निकली चिंगारी से कटी हुई गेहूं की फसल में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते किसान की करीब 12 बीघा फसल जलकर राख हो गई।
चिंगारी से भड़की आग, फसल और ट्रैक्टर जला
बताया जा रहा है कि किसान राजपाल सिंह के खेत में कटी हुई गेहूं की फसल रखी थी। इसी दौरान हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर खेत में गिर गया, जिससे आग भड़क उठी। आग ने कुछ ही देर में पूरी फसल को अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर खड़ा ट्रैक्टर भी आग में जल गया।
आग बुझाने में किसान का बेटा झुलसा
आग पर काबू पाने की कोशिश के दौरान किसान का बेटा जितेंद्र गंभीर रूप से झुलस गया। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उसे तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
फायर ब्रिगेड पर भी उठे सवाल
घटना की सूचना पर सैदनंगली थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद फायर ब्रिगेड समय पर नहीं पहुंची। ऐसे में ग्रामीणों ने खुद पानी की व्यवस्था कर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक भारी नुकसान हो चुका था।
बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप
पीड़ित किसान ने बिजली विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि 11 हजार वोल्ट लाइन के नीचे सुरक्षा के लिए गार्डिंग नहीं लगाई गई थी। अगर सुरक्षा जाल होता, तो तार खेत में नहीं गिरता और इतना बड़ा हादसा टाला जा सकता था।
मुआवजे की प्रक्रिया की बात
घटना की सूचना मिलते ही विद्युत विभाग के जेई नवीन कुमार मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और नुकसान का आकलन कर मुआवजे की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।
फिलहाल इस घटना ने बिजली विभाग की व्यवस्थाओं और ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
⸻
भारतवर्ष समाचार ब्यूरो
संपर्क: 9410001283
वेबसाइट: www.bharatvarshsamachar.org






Comments