कानपुर: दिनदहाड़े सराफा व्यापारी पर चाकू से हमला, 15 लाख से अधिक की लूट
- bharatvarshsamaach
- 2 hours ago
- 2 min read

रिपोर्टर: निहाल अवस्थी
लोकेशन: कानपुर देहात
दिनांक : 27.04.2026
कानपुर देहात के गजनेर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी। बाइक सवार तीन बदमाशों ने सराफा व्यापारी पर चाकू से हमला कर नगदी, जेवरात और मोबाइल समेत 15 लाख रुपये से अधिक का माल लूट लिया।
घर लौटते समय घात लगाकर किया हमला
जानकारी के अनुसार, शाहजहांपुर निनायां गांव निवासी राज बल्लभ सिंह परिहार की जिगनी पुरवा बाजार में ‘शिखा ज्वैलर्स’ के नाम से दुकान है। रविवार दोपहर करीब 1 बजे वह दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह निनायां मोड़ से गांव की ओर लगभग 100 मीटर आगे पहुंचे, पहले से घात लगाए काली बुलेट बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उन्हें घेर लिया।
विरोध करने पर चाकू से किया घायल
बदमाशों ने व्यापारी से बैग छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके हाथ पर चाकू से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद बदमाश उनका बैग छीनकर फरार हो गए।
नकदी और जेवरात लूटकर फरार
पीड़ित के छोटे भाई सीलू सिंह के अनुसार बदमाश जेब में रखे करीब 20 हजार रुपये, बैग में रखे लगभग 1 लाख 35 हजार रुपये नकद, करीब 50 ग्राम सोना, आधा किलो चांदी के आभूषण और मोबाइल फोन लूटकर ले गए। कुल लूट की कीमत 15 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
घायल को अस्पताल में कराया भर्ती
घटना के बाद राहगीरों ने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद घायल व्यापारी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गजनेर में भर्ती कराया गया। पुलिस को भी सूचना दी गई।
अधिकारियों ने किया निरीक्षण
लूट की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी अकबरपुर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अस्पताल पहुंचकर पीड़ित से पूछताछ की। अधिकारियों ने थाना प्रभारी को जल्द से जल्द मामले का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।
लोगों में दहशत, पुलिस पर सवाल
क्षेत्र में लगातार बढ़ रही लूट और चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
⸻
भारतवर्ष समाचार ब्यूरो
संपर्क: 9410001283
वेबसाइट: www.bharatvarshsamachar.org









Comments