top of page

कानपुर देहात: फायरिंग व हत्या के प्रयास के मामले में वांछित अभियुक्त गिरफ्तार

  • bharatvarshsamaach
  • 10h
  • 1 min read

रिपोर्टर: निहाल अवस्थी

लोकेशन: कानपुर देहात

दिनांक : 26.04.2026


कानपुर देहात में अपराध नियंत्रण अभियान के तहत अकबरपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गांव में फायरिंग कर दहशत फैलाने और हत्या के प्रयास के मामले में वांछित एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।


फायरिंग और तोड़फोड़ से मचा था हड़कंप

बीते 20 अप्रैल 2026 की रात ग्राम कचनार बगिया में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अनुज यादव, आलोक यादव, अनमोल, रजत और चंद्रपाल ने कथित रूप से एक राय होकर अतरसिंह के घर पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने अवैध असलहों से ताबड़तोड़ फायरिंग की और पूर्व प्रधान हेमेंद्र उर्फ पिंटू की कार में तोड़फोड़ की।


इस दौरान फायरिंग में मोनू उर्फ तेजबीर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद ग्रामीणों के मौके पर पहुंचने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।


घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा

घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कचनार बगिया ज्योतिष तिराहे के पास घेराबंदी कर वांछित अभियुक्त आलोक यादव को गिरफ्तार कर लिया।


आपराधिक इतिहास भी सामने आया

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी आलोक यादव के खिलाफ पहले से ही हत्या के प्रयास, मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।


अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


 ⸻


 भारतवर्ष समाचार  ब्यूरो

 संपर्क: 9410001283

 वेबसाइट: www.bharatvarshsamachar.org

Comments


Top Stories

bottom of page