कानपुर: मोबाइल टावर से 144 बैटरियां चोरी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार, पिकअप व तमंचा बरामद
- bharatvarshsamaach
- 10 hours ago
- 2 min read

रिपोर्टर: निहाल अवस्थी
लोकेशन: कानपुर देहात
दिनांक : 26.04.2026
कानपुर देहात में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रूरा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मोबाइल टावर से 144 बैटरियां चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी में इस्तेमाल किया गया पिकअप वाहन, नकदी और अवैध तमंचा भी बरामद किया गया है।
टावर में सेंधमारी का मामला
घटना 10 मार्च 2026 की है, जब जालौन निवासी स्वर्ण सिंह ने रूरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम इंजुआरामपुर रेलवे अंडरपास के पास स्थित मोबाइल टावर से अज्ञात चोरों ने 144 बैटरियां चोरी कर लीं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
घेराबंदी कर दबोचे गए आरोपी
शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने अमौली ठाकुरान चौराहा के पास घेराबंदी कर पिकअप लोडर सहित दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान नरेन्द्र चौहान (विजयनगर गजनेर) और अमन कटियार (रानीपुर हरिहरपुर सिकंदरा) के रूप में हुई।
बरामदगी में मिले औजार और नकदी
गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने पिकअप वाहन, नकब काटने के उपकरण, रिंच-पाना, कटर, एक अवैध तमंचा, कारतूस, 20,850 रुपये नकद और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया।
पूछताछ में बड़ा खुलासा
पूछताछ में मुख्य आरोपी नरेन्द्र चौहान ने बताया कि उसने अपने साथियों शिवम यादव और अमित कुशवाहा के साथ मिलकर टावर से बैटरियां चोरी की थीं, जिन्हें नबीपुर फैक्ट्री क्षेत्र में बेच दिया गया। वहीं पिकअप चालक अमन कटियार ने कबूल किया कि वह अतिरिक्त पैसों के लालच में इस गिरोह से जुड़ा था।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार नरेन्द्र चौहान एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ कई थानों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा करने का दावा कर रही है।
⸻
भारतवर्ष समाचार ब्यूरो
संपर्क: 9410001283
वेबसाइट: www.bharatvarshsamachar.org







Comments