top of page

कानपुर देहात ऑरेंज जोन में शामिल, 28 मई तक भीषण गर्मी और लू का अलर्ट

  • bharatvarshsamaach
  • 4 days ago
  • 2 min read

रिपोर्टर: निहाल अवस्थी

लोकेशन: कानपुर देहात

दिनांक : 25.05.2026


मौसम विभाग की चेतावनी के बाद कानपुर देहात प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। मौसम विभाग, उत्तर प्रदेश लखनऊ द्वारा जनपद को ऑरेंज जोन में चिन्हित किया गया है। प्रशासन ने लोगों से हीट वेव और लू को लेकर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।


28 मई तक लू और तेज गर्मी की संभावना

Dushyant Kumar Maurya ने बताया कि 24 मई से 28 मई तक जनपद में अति उष्ण लहर, तेज गर्मी और लू चलने की संभावना है। ऐसे में लोगों को बचाव संबंधी एडवाइजरी का पालन करना बेहद जरूरी है।


दोपहर में बाहर निकलने से बचने की सलाह

प्रशासन ने लोगों से दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच तेज धूप में बाहर न निकलने की अपील की है। बाहर जाते समय सिर और शरीर को ढकने, टोपी, गमछा, दुपट्टा या छाते का प्रयोग करने की सलाह दी गई है।


अधिक पानी और तरल पदार्थ लेने की अपील

एडवाइजरी में दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और ओआरएस, शिकंजी, नींबू पानी व आमपना जैसे तरल पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी गई है। साथ ही हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने और तली-भुनी चीजों से परहेज करने को कहा गया है।


किसानों और पशुपालकों को भी निर्देश

प्रशासन ने किसानों से दोपहर के समय खेतों में काम न करने और सुबह या शाम के समय ही कार्य करने को कहा है। वहीं पशुओं को छायादार स्थान पर रखने और पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने की अपील की गई है। घरों की छतों पर पक्षियों के लिए पानी रखने की भी सलाह दी गई है।


शेल्टर होम की व्यवस्था

नगर निकायों द्वारा जनपद के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर हीट वेव से बचाव के लिए शेल्टर होम बनाए गए हैं, जहां पंखा, कूलर, पेयजल और बैठने की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। जरूरत पड़ने पर लोग इन सुविधाओं का उपयोग कर सकते हैं।


 ⸻


 भारतवर्ष समाचार  ब्यूरो

 संपर्क: 9410001283

 वेबसाइट: www.bharatvarshsamachar.org

Comments


Top Stories

bottom of page