झांसी में विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला, मायके पक्ष ने दहेज हत्या का लगाया आरोप
- bharatvarshsamaach
- 2 hours ago
- 2 min read

रिपोर्टर: मोहम्मद कलाम कुरैशी, झांसी
लोकेशन : झांसी,उत्तर प्रदेश
दिनांक : 25 फरवरी 2026
झांसी के गरौठा तहसील क्षेत्र के थाना ककरबई अंतर्गत ग्राम धमनौड़ में बुधवार को एक 28 वर्षीय विवाहिता का शव घर के अंदर पंखे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान कल्पना रैकवार (28) पत्नी पुष्पेंद्र के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे कल्पना रैकवार का शव घर के कमरे में पंखे के सहारे फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी ग्राम प्रधान सरजू पाठक द्वारा थाना ककरबई पुलिस को दी गई। सूचना पर थानाध्यक्ष योगेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए, वहीं नायब तहसीलदार गरौठा राधा पालीवाल ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए मऊरानीपुर भेज दिया।
बताया जा रहा है कि मृतका का पति पुष्पेंद्र दिल्ली में मजदूरी करता है और एक सप्ताह पहले ही घर आया था। कल्पना की शादी करीब तीन वर्ष पहले कोर्ट मैरिज के माध्यम से हुई थी। मृतका का मायका मध्यप्रदेश के ग्राम रावली, थाना सेंदरी, तरीचर कला में है। दंपति की कोई संतान नहीं थी।
दहेज हत्या का आरोप, मुकदमा दर्ज:
घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। मृतका के पिता घासीराम की तहरीर पर थाना ककरबई पुलिस ने पति पुष्पेंद्र, जेठ रामबिहारी, सास रानी और जेठानी मोहिनी के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
⸻
भारतवर्ष समाचार ब्यूरो
संपर्क: 9410001283
वेबसाइट: www.bharatvarshsamachar.org






Comments