top of page

होली-एकादशी से पहले संभल में पुलिस का फ्लैग मार्च, 500 लोग पाबंद, एसपी का सख्त संदेश

  • bharatvarshsamaach
  • 4 hours ago
  • 2 min read

रिपोर्टर: प्रदीप मिश्रा, संभल

स्थान: संभल, उत्तर प्रदेश

दिनांक : 25 फरवरी 2026


होली और एकादशी पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए संभल में पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’ के तहत पुलिस ने शहर में करीब 6 किलोमीटर लंबा फुट पेट्रोलिंग मार्च निकाला। इस दौरान संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल की मौजूदगी से लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा, वहीं असामाजिक तत्वों को सख्त चेतावनी दी गई।


इस सुरक्षा मार्च का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने स्वयं किया। उनके साथ तीन थानों की पुलिस, PAC और RRF के जवान भी मौजूद रहे। फुट पेट्रोलिंग चौधरी सराय पुलिस चौकी से शुरू होकर शहर के प्रमुख स्थानों—सर्राफा बाजार, नखासा चौराहा, विवादित स्थल क्षेत्र और भोलेश्वर पुलिस चौकी बाईपास तक पहुंची। इस दौरान अधिकारियों ने जुलूस मार्गों और संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।


पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि करीब 400 से 500 चिन्हित व्यक्तियों को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126 और 135 के तहत मुचलके में पाबंद किया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।


प्रशासन द्वारा जुलूस मार्गों पर बिजली, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई है। साथ ही पीस कमेटी की बैठकों के माध्यम से सभी समुदायों से आपसी भाईचारा और शांति बनाए रखने की अपील की गई है।


उत्तर प्रदेश पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि त्योहार खुशियों और सौहार्द के साथ मनाए जाएं, लेकिन कानून तोड़ने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


 ⸻


 भारतवर्ष समाचार  ब्यूरो

 संपर्क: 9410001283

 वेबसाइट: www.bharatvarshsamachar.org

 
 
 

Comments


Top Stories

bottom of page