बलरामपुर: अतिक्रमण हटाओ अभियान के विरोध में सभासदों का हंगामा, पालिका कार्यालय पर ताला
- bharatvarshsamaach
- Dec 25, 2025
- 2 min read
रिपोर्ट: योगेंद्र त्रिपाठी
स्थान: बलरामपुर, उत्तर प्रदेश
दिनांक : 25 दिसम्बर 2025
बलरामपुर। आदर्श नगर पालिका परिषद द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर शहर में विवाद गहराता जा रहा है। अभियान के विरोध में नाराज़ सभासदों ने नगर पालिका कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला जड़कर जोरदार प्रदर्शन किया। इस कारण पालिका कार्यालय का पूरा कामकाज ठप हो गया और कर्मचारी कार्यालय के अंदर ही फंसे रहे।
सभासदों ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी लालचंद मौर्या पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में खुला पक्षपात किया जा रहा है। राजनीतिक पहुंच रखने वाले लोगों के अतिक्रमण को नहीं हटाया जा रहा, जबकि आम व्यापारियों और कुछ सभासदों के साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा है।
मुख्य शिकायतें और आरोप
अभियान के दौरान बिना किसी पूर्व सूचना के लोगों के घरों और दुकानों की सीढ़ियां, छज्जे और टीन शेड तोड़े जा रहे हैं, जिससे आम जनता में भारी नाराजगी है।
कार्रवाई में मानकों की अनदेखी की जा रही है और रसूखदारों पर विशेष मेहरबानी की जा रही है।
सभासदों ने आरोप लगाया कि जब वे इस कार्रवाई का विरोध करते हैं, तो उन्हें पुलिस का भय दिखाकर अभद्र व्यवहार सहना पड़ता है।
अभियान अचानक और बिना रोस्टिंग के चलाया गया, जिससे व्यापारियों और आम लोगों में आक्रोश फैला।
सभासदों ने कहा कि ईओ की मनमानी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक समस्याओं का समाधान नहीं होगा, अतिक्रमण हटाओ अभियान को नहीं चलने दिया जाएगा।
प्रशासन की प्रतिक्रिया
ईओ लालचंद मौर्या ने कहा कि इस मामले में सभी सभासदों से वार्ता की जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि नाराज़गी को दूर करने के प्रयास किए जाएंगे और अभियान को निष्पक्ष एवं संतुलित तरीके से चलाया जाएगा।
बाइट
नंदलाल तिवारी, सभासद:
"हम सामान्य व्यापारियों के साथ हो रहे अन्याय और पक्षपात को सहन नहीं करेंगे।"
राघवेंद्रकांत सिंह मंटू, सभासद:
"रसूखदारों के अतिक्रमण पर मेहरबानी और आम जनता पर कार्रवाई अस्वीकार्य है।"
लालचंद मौर्या, ईओ, आदर्श नगर पालिका परिषद, बलरामपुर:
"सभासदों से संवाद कर विवाद को शांत करने और अभियान को संतुलित रूप में चलाने का प्रयास किया जाएगा।"
⸻
भारतवर्ष समाचार ब्यूरो
संपर्क: 9410001283
वेबसाइट: www.bharatvarshsamachar.org

















Comments