top of page

बलरामपुर: गैस सिलेंडर की दुकान में भीषण आग, सिलेंडर फटने से मचा हड़कंप

  • bharatvarshsamaach
  • Feb 28
  • 2 min read

रिपोर्ट: योगेंद्र त्रिपाठी

लोकेशन: बलरामपुर |

दिनांक: 27 फरवरी 2026


बलरामपुर जिले के थाना ललिया थाना क्षेत्र के कोड़री चौराहे पर शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे गैस सिलेंडर की दुकान में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग लगते ही दुकान में रखे कई सिलेंडर एक के बाद एक तेज धमाकों के साथ फटने लगे, जिससे पूरा क्षेत्र दहल उठा।


धमाकों से दहला इलाका

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग बजरंगी गुप्ता पुत्र स्वामीनाथ गुप्ता की गैस सिलेंडर दुकान में लगी। सिलेंडरों में हुए लगातार विस्फोट के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। धमाकों की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए।


मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित किया।


आग में झुलसी महिला

आग की चपेट में आने से दुकान मालिक बजरंगी गुप्ता की माता झुलस गईं। उन्हें तुरंत उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।


शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

थाना प्रभारी निरीक्षक के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। बताया गया कि दुकान पर CSC के माध्यम से गैस सिलेंडर की बिक्री की जा रही थी। पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और सुरक्षा मानकों की भी पड़ताल की जा रही है।


बड़ा हादसा टला

राहत की बात यह रही कि आग पास की कपड़े की दुकान तक नहीं पहुंची, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया। प्रशासन ने क्षेत्र के लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।


 ⸻


 भारतवर्ष समाचार  ब्यूरो

 संपर्क: 9410001283

 वेबसाइट: www.bharatvarshsamachar.org


Comments


Top Stories

bottom of page