बुंदेलखंड राज्य निर्माण की मांग तेज, प्रधानमंत्री से बात न करने पर नौ सांसदों के पुतले फूंके गए
- bharatvarshsamaach
- Jan 29
- 2 min read


रिपोर्टर: मोहम्मद कलाम कुरैशी, झांसी
लोकेशन : झांसी, बुंदेलखंड
दिनांक : 29 जनवरी 2026
झांसी ,बुंदेलखंड राज्य निर्माण की मांग को लेकर झांसी में एक बार फिर आंदोलन तेज हो गया। बुंदेलखंड निर्माण मोर्चा के नेतृत्व में अखण्ड बुंदेलखंड क्षेत्र के नौ सांसदों के पुतले फूंके गए। इस दौरान प्रदर्शनकारियों की पुलिस से झूमा-झटकी भी हुई।
लंबे समय से चल रहा है बुंदेलखंड राज्य का संघर्ष
बुंदेलखंड राज्य निर्माण का संघर्ष पिछले कई वर्षों से लगातार जारी है। हर एक बुन्देली की भावना है कि पृथक बुंदेलखंड राज्य का शीघ्र गठन किया जाए। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि अलग राज्य बनने से बुंदेलखंड के विकास को नई दिशा मिलेगी।
सांसदों से प्रधानमंत्री को वादा याद दिलाने की मांग
बुंदेलखंड निर्माण मोर्चा द्वारा उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के अखण्ड बुंदेलखंड क्षेत्र के नौ सांसदों से लगातार मांग की जा रही थी कि वे प्रधानमंत्री से वार्ता कर उनके द्वारा तीन साल पहले किए गए बुंदेलखंड राज्य निर्माण के वादे की याद दिलाएं और इस मुद्दे को लोकसभा में मजबूती से उठाएं।
न प्रधानमंत्री से वार्ता, न लोकसभा में उठी आवाज
बुंदेलखंड निर्माण मोर्चा के अध्यक्ष भानू सहाय के नेतृत्व में प्रदर्शन के दौरान आरोप लगाया गया कि अखण्ड बुंदेलखंड क्षेत्र के नौ सांसदों ने न तो प्रधानमंत्री से मुलाकात कर उनका वादा याद दिलाया और न ही लोकसभा में बुंदेलखंड राज्य निर्माण की मांग को उठाया।
चेतावनियों की अनदेखी का आरोप
मोर्चा का आरोप है कि कई बार चेतावनी देने के बावजूद बुंदेलखंड के सभी सांसद इस मुद्दे को नजरअंदाज कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार में लिप्त होने के कारण सांसद प्रधानमंत्री से वार्ता करने का साहस नहीं कर पा रहे हैं।
लगातार जारी रहेगा आंदोलन
बुंदेलखंड निर्माण मोर्चा ने स्पष्ट किया कि बुंदेलखंड राज्य विरोधी सांसदों के पुतले लगातार फूंके जाते रहेंगे। साथ ही इन सांसदों के खिलाफ सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन भी किया जाएगा।मोर्चा ने कहा कि जब तक ये सांसद लोकसभा में बुंदेलखंड राज्य निर्माण का प्रस्ताव नहीं रखेंगे, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
बड़ी संख्या में बुन्देली योद्धाओं ने भरी हुंकार
पुतला दहन कार्यक्रम में भानू सहाय, अशोक सक्सैना (एडवोकेट), रघुराज शर्मा, वरुण अग्रवाल, प्रदीप झा, हनीफ खान, अनिल कश्यप, ब्रजेश राय, रशीद कुरैशी, राजेश लोहिया, शाहजहां बेगम, कुंती राय, सैंकी साहू, प्रभु दयाल कुशवाहा, कलाम कुरैशी सहित बड़ी संख्या में बुन्देली योद्धाओं ने भाग लिया और बुंदेलखंड राज्य निर्माण के समर्थन में जोरदार नारेबाजी की।
⸻
भारतवर्ष समाचार ब्यूरो
संपर्क: 9410001283
वेबसाइट: www.bharatvarshsamachar.org






Comments