top of page

योगी सरकार के स्कूल मर्जर आदेश के विरोध में आम आदमी पार्टी का हल्ला बोल, कलेक्ट्रेट पर किया प्रदर्शन

  • bharatvarshsamaach
  • Jul 3
  • 3 min read

भारतवर्ष समाचार | झांसी विशेष रिपोर्ट


रिपोर्ट: नोमेश श्रीवास्तव


झांसी:

योगी सरकार द्वारा प्रदेश में कम छात्र संख्या वाले प्राथमिक विद्यालयों को बंद कर उन्हें निकटवर्ती विद्यालयों में विलय किए जाने के निर्णय के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने सोमवार को झांसी कलेक्ट्रेट पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पार्टी नेताओं ने सरकार पर शिक्षा विरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाया और राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।


शराब के ठेके खोले जा रहे, स्कूल बंद किए जा रहे – अरशद खान

आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष अरशद खान ने आरोप लगाया कि योगी सरकार एक तरफ प्रदेश में शराब के ठेके धड़ल्ले से खोल रही है जबकि दूसरी ओर बच्चों की शिक्षा छीन रही है।उन्होंने कहा, “2024 में 27,308 मदिरालय खोले गए और अब तक 26,000 से अधिक प्राथमिक विद्यालय बंद हो चुके हैं। सरकार 27,000 और विद्यालय बंद करने की योजना बना रही है। यह निर्णय जनता की मांग नहीं, बल्कि सरकार की प्राथमिकताओं का उदाहरण है।"


शिक्षा के अधिकार कानून का उल्लंघन – अर्चना गुप्ता

पार्टी की प्रांतीय उपाध्यक्ष अर्चना गुप्ता ने कहा कि 16 जून, 2025 को जारी शासनादेश में कहीं भी न्यूनतम या अधिकतम छात्र संख्या का उल्लेख नहीं है।उन्होंने आरोप लगाया कि, “यह आदेश शिक्षा के अधिकार अधिनियम (RTE) और बाल अधिकार अधिनियम का खुला उल्लंघन है। कानून के अनुसार, एक किलोमीटर की परिधि में स्कूल की उपलब्धता अनिवार्य है, पर सरकार अपने ही बनाए कानूनों की अनदेखी कर रही है।”


हजारों पद होंगे समाप्त – ग्यादीन कुशवाहा

महानगर अध्यक्ष ग्यादीन कुशवाहा ने कहा कि इस फैसले से प्रदेश में करीब 1.35 लाख सहायक शिक्षकों, 27 हजार प्रधानाध्यापकों, हजारों रसोइयों और शिक्षा मित्रों के पद समाप्त हो जाएंगे।उन्होंने कहा, “इससे न केवल बेरोजगारी बढ़ेगी, बल्कि जो युवा शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे हैं, उनके भविष्य पर भी प्रश्नचिह्न लग जाएगा।”


सरकारी स्कूल बंद, निजी स्कूलों को छूट – पुत्तू सिंह कुशवाहा

प्रांतीय सचिव पुत्तू सिंह कुशवाहा ने कहा कि सरकार सरकारी स्कूलों को बंद कर निजी और अवैध स्कूलों को बढ़ावा दे रही है।उन्होंने कहा, “दिल्ली और पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार ने सरकारी स्कूलों की हालत सुधार कर मिसाल कायम की है। उत्तर प्रदेश में भी यह संभव है, बशर्ते सरकार की नीयत सही हो।”


मंदिर और स्कूल के पास दारू के ठेके – आशीष रायकवार

सभासद आशीष रायकवार ने वार्ड 41 का उदाहरण देते हुए कहा कि मंदिर और विद्यालय के समीप शराब का ठेका खोलने का जनता ने विरोध किया, लेकिन सरकार ने कार्यवाही करने की बजाय मुकदमा दर्ज कर दिया।उन्होंने कहा, “वहीं दूसरी ओर, घनी आबादी वाले दतिया गेट क्षेत्र का सरकारी विद्यालय बंद किया जा रहा है। यह दिखाता है कि सरकार की प्राथमिकता शिक्षा नहीं, कुछ और है।”


ज्ञापन सौंपा, आंदोलन की चेतावनी

प्रदर्शन के अंत में कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपकर मांग की कि प्रदेश में प्राथमिक विद्यालयों के मर्जर आदेश को तत्काल रद्द किया जाए।पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने आदेश वापस नहीं लिया तो आम आदमी पार्टी पूरे प्रदेश में बड़ा आंदोलन छेड़ेगी।


प्रमुख उपस्थितजन:

इस विरोध प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष अरशद खान, प्रांतीय उपाध्यक्ष अर्चना गुप्ता, महानगर अध्यक्ष ग्यादीन कुशवाहा, प्रांतीय सचिव पुत्तू सिंह कुशवाहा, जिला महासचिव आशीष तिवारी, किसान प्रकोष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी परवेज, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ प्रदेश सचिव रविन्द्र रायकवार, महिला जिलाध्यक्ष सीमा कुशवाहा, महिला उपाध्यक्ष भाग्यलक्ष्मी अय्यर, महानगर महासचिव नीलम चौधरी, पूर्व जिलाध्यक्ष कैलाश कुशवाहा, CYSS जिलाध्यक्ष चौधरी जुबिन, जिला सचिव अब्दुल रहमान, आज़ाद चौधरी, रवि पिथौरा, सनी अहिरवार सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।


रिपोर्ट: नोमेश श्रीवास्तव | भारतवर्ष समाचार | झांसी

 
 
 

Comments


Top Stories

bottom of page