top of page

राष्ट्रपति ने परमवीर चक्र विजेता नायक यदुनाथ सिंह के प्रपोत्र रामसेवक को किया सम्मानित

  • bharatvarshsamaach
  • Dec 19, 2025
  • 2 min read

राष्ट्रपति द्वारा परमवीर चक्र विजेता के प्रपोत्र को सम्मान।
राष्ट्रपति द्वारा परमवीर चक्र विजेता के प्रपोत्र को सम्मान।

रिपोर्ट: आर्येन्द्र पाल सिंह

  स्थान: कलान, शाहजहांपुर |

  दिनांक : 19 दिसम्बर 2025


राष्ट्रपति भवन में ‘परमवीर दीर्घा’ का भव्य उद्घाटन किया गया, जहां विजय दिवस के अवसर पर भारत की सर्वोच्च वीरता का प्रतीक मानी जाने वाली 21 परमवीर चक्र विजेताओं की तस्वीरें स्थापित की गईं। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश के वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिजनों को सम्मानित किया।


राष्ट्रपति ने ब्रिटिश शासनकाल की तस्वीरों को हटाकर देश के वीर योद्धाओं की तस्वीरें लगाकर एक ऐतिहासिक संदेश दिया। यह दीर्घा वर्ष 1971 के युद्ध में भारत की ऐतिहासिक विजय और देश के रणबांकुरों की वीरता की याद दिलाती है।


शाहजहांपुर के वीर सपूत को मिला सम्मान

इस गरिमामय कार्यक्रम में परमवीर चक्र विजेता नायक यदुनाथ सिंह के प्रपोत्र रामसेवक को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में आमंत्रित कर शाल और चित्र भेंट कर सम्मानित किया। रामसेवक, उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जनपद की कलान तहसील के गांव खजुरी के निवासी हैं।


नायक यदुनाथ सिंह ने वर्ष 1947 के युद्ध में जम्मू-कश्मीर के नौशेरा सेक्टर में अदम्य साहस का परिचय देते हुए दुश्मन के छक्के छुड़ा दिए थे और चौकी पर तिरंगा फहराकर देश का नाम रोशन किया था। उनकी वीरता के लिए उन्हें परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया था।


राष्ट्रपति ने वीरों को दी श्रद्धांजलि

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इस अवसर पर कहा कि देश के शहीदों और वीर सैनिकों की वीरता, समर्पण और देशभक्ति आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करती रहेगी। उन्होंने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर अपने संदेश में कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों की ‘स्वदेशीकरण के माध्यम से सशक्तीकरण’ की पहल भविष्य की चुनौतियों के लिए देश को मजबूत बना रही है।


परिजनों ने जताया आभार

सम्मान पाकर रामसेवक ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।


इस कार्यक्रम के माध्यम से देश ने एक बार फिर अपने वीर सपूतों के बलिदान को याद किया और उनके परिवारों को सम्मान देकर राष्ट्र की कृतज्ञता प्रकट की।


 ⸻


 भारतवर्ष समाचार  ब्यूरो

 संपर्क: 9410001283

 वेबसाइट: www.bharatvarshsamachar.org

 
 
 

Comments


Top Stories

bottom of page