top of page

अमरोहा में विधिक जागरूकता अभियान को मिली नई गति, जिला जज ने प्रचार वाहन को दिखाई हरी झण्डी

  • bharatvarshsamaach
  • 11 hours ago
  • 2 min read

हरी झंडी के साथ विधिक जागरूकता अभियान का हुआ शुभारंभ।
हरी झंडी के साथ विधिक जागरूकता अभियान का हुआ शुभारंभ।

भारतवर्ष समाचार  ब्यूरो

स्थान: अमरोहा,उत्तर प्रदेश

दिनांक: 17 फरवरी 2026


अमरोहा, आमजन तक न्याय और विधिक सेवाओं की पहुँच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जनपद अमरोहा को एक अत्याधुनिक प्रचार वाहन उपलब्ध कराया गया। इस प्रचार वाहन का विधिवत पूजन माननीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री विवेक द्वारा किया गया तथा हरी झण्डी दिखाकर इसे जन जागरूकता अभियान के लिए रवाना किया गया।


इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अमरोहा के सचिव श्री अभिषेक कुमार व्यास ने बताया कि यह प्रचार वाहन विधिक जागरूकता के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। इसके माध्यम से निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत, मध्यस्थता, पीड़ित प्रतिकर योजना, महिला एवं बाल संरक्षण, वरिष्ठ नागरिक अधिकार सहित विभिन्न सामाजिक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी गांव-गांव और घर-घर तक पहुँचाई जाएगी।


उन्होंने कहा कि इस पहल से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों, श्रमिकों, महिलाओं, कमजोर और वंचित वर्गों तक विधिक सेवाओं का संदेश प्रभावी रूप से पहुँच सकेगा। साथ ही, लाभार्थियों का पंजीकरण और योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने में भी सहायता मिलेगी।


यह पहल न्याय को केवल न्यायालय तक सीमित न रखकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इस प्रचार वाहन के संचालन से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यों में और अधिक तेजी आएगी तथा लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा सकेगा।


कार्यक्रम के दौरान प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय सुश्री माधुलिका चौधरी, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री शाकिर हुसैन, शैलजा राठी, हेमलता त्यागी, सुश्री नसीमा खान, श्री अरविन्द कुमार शुक्ला, श्री ईश्वर सिंह, श्रीमती नाजरीन बानो, ज्योति चौधरी, डॉ. लकी, श्रीमती चेतना सिंह सहित अन्य न्यायिक अधिकारी, कर्मचारीगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


सभी ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे विधिक सशक्तिकरण और न्याय सुलभता की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सराहनीय कदम बताया।


  ⸻


 भारतवर्ष समाचार  ब्यूरो

 संपर्क: 9410001283

 वेबसाइट: www.bharatvarshsamachar.org

 
 
 

Comments


Top Stories

bottom of page