top of page

झांसी: अंतर्राष्ट्रीय रामायण सम्मेलन में कोंच की रामलीला पर शोध पत्र के लिए डॉ. मुहम्मद नईम सम्मानित

  • bharatvarshsamaach
  • 1 day ago
  • 2 min read


शोध पत्र पर डॉ. नईम सम्मानित।
शोध पत्र पर डॉ. नईम सम्मानित।

रिपोर्टर: मोहम्मद कलाम कुरैशी

लोकेशन: झाँसी (उत्तर प्रदेश)

दिनांक : 15.03.2026


झांसी। तुलसी मानस प्रतिष्ठान एवं रामायण केन्द्र, भोपाल द्वारा श्रीरामचंद्र पथ गमन न्यास, संस्कृति विभाग, मध्य प्रदेश शासन के सहयोग से मानस भवन में “सामाजिक समरसता के आदर्श श्रीराम” विषय पर चतुर्थ अंतर्राष्ट्रीय रामायण सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण सम्मेलन में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी के समाज कार्य विभाग के सहायक आचार्य एवं बुन्देली लोकसंस्कृति के अध्येता डॉ. मुहम्मद नईम ने शोध पत्र प्रस्तुत कर सम्मान प्राप्त किया।


कोंच की रामलीला पर प्रस्तुत किया शोध पत्र

डॉ. मुहम्मद नईम ने सम्मेलन में “लोक परम्परा एवं सांझी संस्कृति की प्रतीक–कोंच की रामलीला” विषय पर अपना शोध पत्र प्रस्तुत किया। अपने शोध पत्र में उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड की कोंच की रामलीला केवल एक धार्मिक आयोजन भर नहीं है, बल्कि यह लोक परम्परा, सांझी संस्कृति, सांस्कृतिक एकता और सामाजिक समरसता का सशक्त उदाहरण है।


175 वर्षों से भाईचारे की मिसाल

उन्होंने अपने वक्तव्य में बताया कि कोंच की रामलीला पिछले लगभग 175 वर्षों से क्षेत्रीय लोक परम्पराओं, जनसहभागिता और आपसी भाईचारे की मिसाल बनी हुई है। इस रामलीला में विभिन्न समुदायों के लोगों की सक्रिय भागीदारी भारतीय सांझी संस्कृति की परंपरा को मजबूत करती है। साथ ही यह परंपरा समाज में सहयोग, सद्भाव और मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देने का कार्य करती है।


विद्वानों ने की सराहना

सम्मेलन में उपस्थित विद्वानों, शोधार्थियों और श्रोताओं ने डॉ. मुहम्मद नईम के शोध पत्र की सराहना की। उन्होंने इसे लोकसंस्कृति, सामाजिक समरसता और सांझी विरासत के अध्ययन की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया।


स्मृति चिन्ह व सम्मान पत्र देकर किया सम्मानित

इस अवसर पर रामायण केंद्र के निदेशक डॉ. राजेश श्रीवास्तव, न्यासी सुरेश पटवा, प्रभुदयाल सहित अन्य अतिथियों द्वारा डॉ. मुहम्मद नईम को श्रीराम पट्टिका, स्मृति चिन्ह एवं सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।


बड़ी संख्या में विद्वान रहे उपस्थित

कार्यक्रम में पूर्व सांसद रघुनंदन शर्मा, मध्य प्रदेश साहित्य अकादमी के निदेशक डॉ. विकास दवे, प्रो. पुनीत बिसारिया, डॉ. महेंद्र भीष्म, डॉ. शरद शुक्ल आलोक, डॉ. अनुभूति, डॉ. सुनीता वर्मा, डॉ. के.एल. बिन्दु, संजय सिंघाल, डॉ. अशोक धमेनीय, डॉ. मालती जोशी, डॉ. सीमा शिवहरे सहित सैकड़ों श्रोता उपस्थित रहे।


 ⸻


 भारतवर्ष समाचार  ब्यूरो

 संपर्क: 9410001283

 वेबसाइट: www.bharatvarshsamachar.org

Comments


Top Stories

bottom of page