top of page

बिहार में नीतीश कुमार की 10वीं पारी: पीएम मोदी की मौजूदगी में 26 सदस्यीय मंत्रिमंडल ने ली शपथ

  • bharatvarshsamaach
  • Nov 20, 2025
  • 2 min read

“नीतीश कुमार की 10वीं शपथ, एनडीए सरकार नई टीम के साथ शुरू”
“नीतीश कुमार की 10वीं शपथ, एनडीए सरकार नई टीम के साथ शुरू”


  भारतवर्ष समाचार ब्यूरो

  दिनांक: 20 नवम्बर 2025 |



पटना।बिहार की राजनीति में गुरुवार का दिन ऐतिहासिक रहा, जब नीतीश कुमार ने दसवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर एक बार फिर राज्य की कमान संभाल ली। पटना के गांधी मैदान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें प्रधानমন্ত্রী नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्रिगण, कई राज्यों के मुख्यमंत्री और विभिन्न दलों के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।


राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने नीतीश कुमार और नए मंत्रिमंडल के सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में लोगों की भारी उपस्थिति देखने को मिली, जहां प्रधानमंत्री मोदी ने गमछा लहराकर जनता का अभिवादन भी किया।


भाजपा के दो उपमुख्यमंत्री, कुल 26 मंत्रियों ने ली शपथ

नए गठबंधन सरकार में भाजपा के सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा को उपमुख्यमंत्री बनाया गया है। कुल 26 मंत्रियों वाली नई टीम में विभिन्न दलों को उनकी भागीदारी के अनुसार स्थान दिया गया है—


  • भाजपा – 14 मंत्री

  • जदयू – 8 मंत्री

  • लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) – 2 मंत्री

  • हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा – 1 मंत्री

  • राष्ट्रीय लोक मोर्चा – 1 मंत्री


मंत्रिमंडल में जातीय, क्षेत्रीय और अनुभव-युवा संतुलन को प्राथमिकता दी गई है। इस बार एक मुस्लिम चेहरा भी शामिल किया गया है।


कौन-कौन बने नए मंत्री?

नए मंत्रिमंडल में कई प्रमुख और नए चेहरे शामिल हुए हैं, जिनमें श्रेयसी सिंह, रामकृपाल यादव, संजय सिंह टाइगर, अरुण शंकर प्रसाद, रमा निषाद, लखेंद्र कुमार रौशन, संजय कुमार, संजय कुमार सिंह और दीपक प्रकाश जैसे नाम चर्चित रहे।


राष्ट्रीय लोक मोर्चा से दीपक प्रकाश

आरएलएम के दीपक प्रकाश, जो उपेंद्र कुशवाहा के पुत्र हैं, पहली बार मंत्री बने हैं। वे वर्तमान में किसी सदन के सदस्य नहीं हैं, इसलिए उन्हें विधान परिषद में मनोनीत किया जाएगा।


हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा से संतोष सुमन

हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष और जीतन राम मांझी के पुत्र संतोष सुमन को भी फिर से मंत्रिमंडल में स्थान दिया गया है। पिछली सरकार में उनके पास लघु जल संसाधन विभाग था।


युवाओं का जोश और नेतृत्व का अनुभव— दोनों का मेल

इस मंत्रिमंडल में उम्र के हिसाब से बड़ा अंतर भी देखने को मिला।

  • 34 वर्षीय श्रेयसी सिंह सबसे युवा मंत्री बनी हैं।

  • 79 वर्षीय बिजेंद्र प्रसाद यादव सबसे वरिष्ठ मंत्री हैं, जो लगातार नौवीं बार विधायक चुने गए हैं।


श्रेयसी सिंह अंतरराष्ट्रीय स्तर की शूटिंग खिलाड़ी रही हैं और कॉमनवेल्थ गेम्स में देश को स्वर्ण पदक दिला चुकी हैं।


“एनडीए की मजबूती का प्रतीक है नया मंत्रिमंडल”— बिजेंद्र प्रसाद यादव

शपथ ग्रहण के बाद वरिष्ठ नेता बिजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा—

“यह मंत्रिमंडल एनडीए गठबंधन की एकता और राजनीतिक स्थिरता का संदेश देता है। सभी सहयोगियों को उचित प्रतिनिधित्व मिला है। विभागों का वितरण तय होते ही विकास कार्य और गति पकड़ेंगे।”


  ⸻


 भारतवर्ष समाचार  ब्यूरो

 संपर्क: 9410001283

 वेबसाइट: www.bharatvarshsamachar.org

Comments


Top Stories

bottom of page