top of page

अमरोहा में यूपी बोर्ड परीक्षाओं को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

  • bharatvarshsamaach
  • 10 hours ago
  • 2 min read

यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 को लेकर अमरोहा प्रशासन अलर्ट,
यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 को लेकर अमरोहा प्रशासन अलर्ट,

रिपोर्ट:सुहैल अहमद

स्थान: अमरोहा,उत्तर प्रदेश

दिनांक : 10 फरवरी 2026


अमरोहा में 18 फरवरी से शुरू होने वाली यूपी बोर्ड परीक्षाओं को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। मंगलवार को जिलाधिकारी निधि गुप्ता ने जोया रोड स्थित कुंदन मॉडल इंटर कॉलेज में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर परीक्षा तैयारियों की समीक्षा की और परीक्षाओं को नकलविहीन, शांतिपूर्ण व पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए।


जनपद में यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू होकर 12 मार्च 2026 तक चलेंगी। परीक्षाएं दो पालियों में आयोजित होंगी, पहली पाली सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक होगी।


जिले में कुल 68 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां हाईस्कूल के 28,583 और इंटरमीडिएट के 24,694 सहित कुल 51,277 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगे।


डीएम ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष निर्देश देते हुए कहा कि छात्रों और छात्राओं की तलाशी के लिए अलग-अलग चेकिंग रूम बनाए जाएं। छात्राओं की तलाशी महिला कर्मियों द्वारा और छात्रों की तलाशी पुरुष कर्मियों द्वारा कराई जाए। उन्होंने स्टैटिक और सेक्टर मजिस्ट्रेट को नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।


इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त रोशनी, पंखे, बिजली आपूर्ति और बिजली कटौती की स्थिति में जनरेटर की व्यवस्था अनिवार्य करने को कहा गया। प्रश्न पत्रों की सुरक्षा और उत्तर पुस्तिकाओं की जिम्मेदारी केंद्र व्यवस्थापक की होगी।


वहीं अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदौरिया ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल तैनात रहेगा और नकल करने या कराने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गरिमा सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. प्रवेश कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


 ⸻


 भारतवर्ष समाचार  ब्यूरो

 संपर्क: 9410001283

 वेबसाइट: www.bharatvarshsamachar.org

 
 
 

Comments


Top Stories

bottom of page