बिजनौर में फर्जी लूट का पर्दाफाश, बहू निकली चोरी की साजिशकर्ता
- bharatvarshsamaach
- 10 hours ago
- 2 min read


रिपोर्ट: शकील अहमद, बिजनौर
स्थान: बिजनौर,उत्तर प्रदेश
दिनांक : 10 फ़रवरी 2026
बिजनौर। जनपद बिजनौर के थाना हीमपुर दीपा क्षेत्र में सामने आई कथित लूट की घटना का पुलिस ने बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस जांच में यह साफ हो गया कि जिस बहू ने खुद को लूट का शिकार बताया था, वही पूरे मामले की साजिशकर्ता निकली। झूठी लूट की कहानी गढ़कर उसने न सिर्फ परिवार को, बल्कि पुलिस को भी गुमराह करने की कोशिश की।
कैसे सामने आया मामला
दिनांक 7 फरवरी 2026 को ग्राम मंडोरा जट निवासी योगेंद्र सिंह पुत्र मुरली सिंह ने थाना हीमपुर दीपा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि दो अज्ञात पुरुष और एक महिला उनके घर में घुस आए, अलमारियों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण लूट ले गए और उनकी पुत्रवधू शिवानी पत्नी अमित कुमार को घायल कर फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्वाट टीम, सर्विलांस टीम व स्थानीय पुलिस को जांच में लगाया गया।
पूछताछ में खुला राज
जांच के दौरान जब कथित पीड़िता शिवानी से तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गहन पूछताछ की गई, तो उसके बयानों में गंभीर विरोधाभास पाए गए। सख्ती से पूछताछ करने पर शिवानी टूट गई और उसने स्वीकार किया कि लूट की कोई वास्तविक घटना हुई ही नहीं थी।
चोरी की पूरी साजिश
शिवानी ने बताया कि उसने 4 फरवरी 2026 को अपनी जेठानी आरती पत्नी सुमित की अलमारी का ताला ट्रैक्टर-ट्रॉली के लोहे के गुल्ले से तोड़कर करीब 14 तोला सोना और लगभग 100 ग्राम चांदी के आभूषण चोरी कर लिए थे।
चोरी को छिपाने के लिए उसने झूठी लूट की कहानी रची और पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से खुद की गर्दन पर चाकू से हल्की चोट भी बनाई। चोरी किए गए आभूषण उसने अपने भाई गोलू उर्फ पंकज के माध्यम से अपने मायके ग्राम बिसाट भिजवा दिए।
पुलिस की कार्रवाई और बरामदगी
दिनांक 10 फरवरी 2026 को स्वाट, सर्विलांस और थाना हीमपुर दीपा पुलिस की संयुक्त टीम ने अभियुक्ता शिवानी की निशानदेही पर—
कथित लूट में दिखाए गए आभूषण
घटना में प्रयुक्त चाकू
अलमारी तोड़ने में इस्तेमाल किया गया लोहे का गुल्ला
अभियुक्त गोलू द्वारा प्रयुक्त स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल
बरामद की।
इसके साथ ही शिवानी के भाई गोलू उर्फ पंकज और उसकी मां संजू देवी को हिरासत में लेकर उनकी निशानदेही पर ग्राम बिसाट स्थित गन्ने के खेत से सभी चोरी किए गए आभूषण बरामद कर लिए गए।
शादी के लिए रची गई थी साजिश
पूछताछ में सामने आया कि अभियुक्ता संजू देवी ने अपनी बेटी शिवानी और बेटे गोलू के साथ मिलकर यह पूरी योजना बनाई थी। चोरी का मुख्य उद्देश्य गोलू उर्फ पंकज की शादी के लिए आभूषण जुटाना था।
गिरफ्तार अभियुक्त
पुलिस ने इस मामले में—
शिवानी पत्नी अमित कुमार
संजू देवी पत्नी नरेंद्र सिंह
गोलू उर्फ पंकज पुत्र नरेंद्र सिंह(निवासी ग्राम बिसाट, थाना हल्दौर, जनपद बिजनौर)
को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
झूठी लूट की कहानी गढ़कर पुलिस को गुमराह करने की यह साजिश पूरे जनपद में चर्चा का विषय बनी हुई है।
बाइट : अभिषेक झा, पुलिस अधीक्षक, बिजनौर
⸻
भारतवर्ष समाचार ब्यूरो
संपर्क: 9410001283
वेबसाइट: www.bharatvarshsamachar.org

















Comments