अमरोहा में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का आयोजन, 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों को एल्बेण्डाजोल की गोली खिलाई गई
- bharatvarshsamaach
- 10 hours ago
- 2 min read


भारतवर्ष समाचार ब्यूरो
स्थान: अमरोहा,उत्तर प्रदेश
दिनांक : 10 फरवरी 2026
जनपद अमरोहा में मंगलवार को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस व्यापक स्तर पर मनाया गया। इस अवसर पर जिले के सभी सरकारी व निजी स्कूलों, आंगनवाड़ी केंद्रों और मदरसों में 1 वर्ष से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को एल्बेण्डाजोल की गोली खिलाई गई।
कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ जिलाधिकारी श्रीमती निधि गुप्ता वत्स द्वारा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, अमरोहा में बच्चों को एल्बेण्डाजोल की गोली खिलाकर किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग और यूनिसेफ के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
जिले में व्यापक कवरेज
स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनपद में कुल 10,67,245 बच्चों को कृमि मुक्ति दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। दोपहर 3:30 बजे तक मॉनिटरिंग डेटा के अनुसार लगभग 65 प्रतिशत बच्चों को एल्बेण्डाजोल की गोली खिलाई जा चुकी थी। शेष बचे बच्चों को 13 फरवरी 2026 को आयोजित मोप-अप दिवस में दवा दी जाएगी।
कृमि संक्रमण से बचाव है जरूरी
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी अमरोहा डॉ. योगेन्द्र सिंह ने बताया कि बच्चे अक्सर बिना हाथ धोए भोजन कर लेते हैं या नंगे पांव संक्रमित स्थानों पर चलते हैं, जिससे पेट में कृमि विकसित हो जाते हैं। कृमि संक्रमण के कारण बच्चों में खून की कमी, कमजोरी, शारीरिक व मानसिक विकास में बाधा उत्पन्न होती है।उन्होंने बताया कि एल्बेण्डाजोल की एक खुराक से कृमि नष्ट हो जाते हैं, जिससे बच्चों का स्वास्थ्य बेहतर होता है।
अधिकारी और स्टाफ रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान नोडल अधिकारी डॉ. जसकरन सिंह गंगवार, प्रधानाध्यापिका श्रीमती स्नेहलता, डीईआईसी प्रबंधक विपुल कुमार, डीसीपीएम मुर्करब हुसैन, यूएचसी से अहसान अली, डीएमएचसी याकूब अली, यूनिसेफ प्रतिनिधि श्रीमती माला कुशवाह सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रशासन की अपील
प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे मोप-अप दिवस पर अपने बच्चों को अवश्य दवा दिलवाएं, ताकि जनपद को कृमि संक्रमण से मुक्त किया जा सके और बच्चों का शारीरिक व मानसिक विकास सुनिश्चित हो सके।
⸻
भारतवर्ष समाचार ब्यूरो
संपर्क: 9410001283
वेबसाइट: www.bharatvarshsamachar.org

















Comments