बलरामपुर: आंगनबाड़ी भर्ती घोटाला, रिश्वत की रकम से शेयर बाजार और जमीन में निवेश
- bharatvarshsamaach
- 7 days ago
- 2 min read

रिपोर्ट: योगेंद्र त्रिपाठी
लोकेशन: बलरामपुर
दिनांक : 31 जनवरी 2026
बलरामपुर जिले में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की नियुक्ति के नाम पर चल रहे भ्रष्टाचार के बड़े खेल का खुलासा हुआ है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भ्रष्टाचार के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई करते हुए कोतवाली नगर पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों में बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के दो तत्कालीन कर्मचारी और एक बिचौलिया शामिल हैं।
मामले की शुरुआत ग्राम लोलबोझी निवासी महेंद्र प्रताप सिंह द्वारा की गई शिकायत से हुई थी। शिकायत के बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर एक उच्चस्तरीय जांच समिति गठित की गई, जिसमें जिला पंचायत राज अधिकारी, अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सहित कई जिला स्तरीय अधिकारी शामिल थे। जांच में आंगनबाड़ी भर्ती प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार की पुष्टि हुई।
जांच रिपोर्ट के आधार पर जिला कार्यक्रम अधिकारी इफ्तखार अहमद की तहरीर पर कोतवाली नगर थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 व 8 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने शनिवार को बिजलीपुर बाईपास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जमुना प्रसाद (तत्कालीन लिपिक, तुलसीपुर), रामसुचित वर्मा (तत्कालीन चयन पटल सहायक, विकास भवन) और मुन्नालाल जायसवाल उर्फ साधू (बिचौलिया) के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों को व्यक्तिगत रूप से बुलाकर ₹90,000 से लेकर ₹1.40 लाख तक की रिश्वत लेते थे। पकड़े जाने के डर से लेन-देन के लिए मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं किया जाता था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि चयन पटल सहायक रामसुचित वर्मा ने रिश्वत से प्राप्त अवैध धन को शेयर बाजार और जमीन की खरीद-फरोख्त में निवेश किया था। पुलिस इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी गहन जांच कर रही है।
फिलहाल तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना पूरी निष्पक्षता और गहराई से की जा रही है और यदि जांच में किसी अन्य व्यक्ति या अधिकारी की संलिप्तता सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
⸻
भारतवर्ष समाचार ब्यूरो
संपर्क: 9410001283
वेबसाइट: www.bharatvarshsamachar.org















Comments